कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों अपनी छवि को सुधरने के लिए आम जनता के साथ जुड़ रहे रहे हैं। वह हर दिन नए-नए रूप में नजर आते हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने हरियाणा के सोनीपत में कई महिलाओं के साथ खेतों में धान लगाया था। इस दौरान उनका वीडियो और कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। अब सोनिया गांधी ने उन्हीं सभी महिलाओं को अपने घर खाने पर बुलाया।
महिलाओं को खाने पर बुलाने का वादा किया पूरा

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने दिल्ली में 10 जनपथ पर स्थित अपने आवास पर सोनीपत की दर्जनों महिलाओं को आने का निमंत्रण दिया था। इस दौरान उन्होंने सभी महिलाओं के साथ भोजन भी किया। बता दें जब राहुल गांधी धान की रोपाई करने सोनीपत के मदीना गांव गए थे, तभी उन्होंने सभी महिलाओं को अपने घर पर खाने पर बुलाने का वादा किया था।
लंच के दौरान सोनिया, राहुल और प्रियंका मौजूद

इन सभी महिलाओं ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित राहुल और सोनिया के आवास पर सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका गांधी के साथ लंच किया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि, राहुल गांधी ने हमारी सूखी रोटी खाकर हमें बढ़िया भोजन कराकर अपना वादा पूरा किया है। सूत्रों के मुताबिक, ये लंच का कार्यक्रम राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सहयोग से ही पूरा हो सका।
खेतों में ट्रैक्टर भी चलाया

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही राहुल गांधी बरसात के सीजन में धान की रोपाई करते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने पानी से भरे खेतों में ट्रैक्टर भी चलाया था। इतना ही नहीं इस दौरान राहुल ने किसानों और महिलाओं संग कई अहम् मुद्दों पर चर्चा भी की थी। फिर उन्होंने वहीं की महिलाओं के साथ भोजन भी किया।