तेजस्वी यादव सहित राजद के अन्य नेताओं के खेला होने के बयान के बाद भाजपा ने सचेत होते हुए जबरदस्त फिल्डिंग सेट कर दी। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के दिल्ली से लेकर प्रदेश तक के नेता सजग हो गए थे।
पटना: नीतीश कुमार के महागठबंधन को छोड़कर NDA के साथ आकर सरकार बनाने के बाद RJD के नेता तेजस्वी यादव ने भले ही सत्ता पक्ष को कटघरे में खड़ा करने की नीयत से ‘खेला होने’ की बात कही थी, लेकिन विधानसभा में विश्वास मत के दौरान राजद इस चाल में खुद फंस गई। दरअसल, सत्ता पक्ष के एक विधायक को छोड़कर देर सबेर सभी विधायक सदन में पहुंच गए, लेकिन सदन में ही राजद के 3 विधायकों ने सत्ता पक्ष की ओर जाकर स्थान ग्रहण कर लिया। वैसे, सत्ता पक्ष के कई नेता विरोधी पार्टियों के कई विधायकों के संपर्क में होने का दावा करते रहे थे, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी माना जाता रहा था, लेकिन राजद के तीन विधायकों ने जब सत्ता पक्ष की ओर पहुंचकर विश्वास मत के पक्ष में मतदान किया तब राजद के लिए इसे स्वीकार करना आसान नहीं रहा।
राजद के इन तीन विधायकों ने मारी पलटी
![](https://sabsetejkhabar.com/wp-content/uploads/2024/02/थाईलैंड-के-लोग-बिहार-के-बच्चों-को-पढ़ा-रहें-29-1024x576.png)
RJD के चुनाव चिन्ह लालटेन के सिंबल पर चुनकर विधानसभा पहुंचे 3 विधायकों प्रह्लाद यादव, नीलम देवी एवं चेतन आनंद ने मार दी पलटी। सबसे गौर करने वाली बात तो यह है कि चेतन आनंद बजट सत्र शुरू होने के करीब आठ से दस घंटे पहले तक राजद के विधायकों के साथ तेजस्वी यादव के आवास पर थे।
![](https://sabsetejkhabar.com/wp-content/uploads/2024/02/image_2024_02_14T04_44_43_490Z-1024x576.png)
बताया जा रहा है कि तेजस्वी सहित राजद के अन्य नेताओं के खेला होने के बयान के बाद भाजपा ने सचेत होते हुए जबरदस्त फिल्डिंग सेट कर दी। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के दिल्ली से लेकर प्रदेश तक के नेता सजग हो गए थे। इसके बाद कमजोर कड़ी माने जाने वाले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी के लिए केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय को जिम्मेदारी सौंप दी गई तथा भाजपा के विधायकों को कार्यशाला के बहाने बोधगया पहुंचा दिया गया।
सत्ता पक्ष की चाल ने RJD की सभी चालों को किया धाराशायी
![](https://sabsetejkhabar.com/wp-content/uploads/2024/02/image_2024_02_14T04_49_19_061Z-1024x576.png)
सूत्र का दावा है कि उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा विरोधी पार्टी के नाराज विधायकों से संपर्क में आए। चेतन आनंद के पहले से ही मुख्यमंत्री के साथ नजदीकियां बन गई थी। राजद को अपने तीन विधायकों के पलटी मारने तक की उम्मीद नहीं थी, शह-मात के इस खेल में सत्ता पक्ष की इस चाल ने राजद के सभी चालों को धाराशायी कर दिया और स्थिति यहां तक पहुंच गई कि राजद को मतदान के समय वॉक आउट करना पड़ा।
माना जा रहा है कि सरकार इन विधायकों की सदस्यता बचाने को लेकर भी हर संभव प्रयास करेगी। JDU के प्रवक्ता राजीव रंजन कहते भी हैं कि RJD और कांग्रेस के कई विधायक अपनी ही पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं। वे अन्य दलों के नेताओं के संपर्क में हैं। ऐसे में जो ‘खेला करने’ चले थे, उन्हीं के साथ ‘खेला’ हो गया।