आने वाले 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में भगवान श्री रामलला का प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होना है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी 3 राज्यों के दौरे पर जा रहे हैं। इसमें वह तमिलनाडु के रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग भी जाएंगे।
![](https://sabsetejkhabar.com/wp-content/uploads/2024/01/image_2024_01_19T04_40_43_420Z-1024x768.png)
पीएम मोदी आज 19 जनवरी से तीन राज्यों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु में आयोजित विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी आज सुबह करीब 10:45 बजे महाराष्ट्र के सोलापुर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह करीब 2:45 बजे कर्नाटक के बेंगलुरु में बोइंग इंडिया इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन करेंगे और बोइंग सुकन्या कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इन दोनों कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद पीएम मोदी तमिलनाडु के दौरे पर चले जाएंगे जहां शाम को करीब 6 बजे वह चेन्नई में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
तमिलनाडु के इन मंदिरों में जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
![](https://sabsetejkhabar.com/wp-content/uploads/2024/01/image_2024_01_19T04_40_05_815Z-2.png)
वहीं अगले दो दिनों (20 और 21 जनवरी) तक पीएम मोदी तमिलनाडु में कई महत्वपूर्ण मंदिरों में दर्शन करने जाएंगे। पीएम मोदी 20 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस मंदिर में वह विभिन्न विद्वानों से कम्ब रामायणम के छंदों का पाठ भी सुनेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे पीएम मोदी रामेश्वरम जाएंगे। यहां श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इस मंदिर में भी पीएम मोदी ‘श्री रामायण पारायण’ कार्यक्रम में भाग लेंगे।’ इस कार्यक्रम में 8 भिन्न-भिन्न पारंपरिक मंडलियां संस्कृत, बांग्ला, अवधी, असमिया, कश्मीरी, गुरुमुखी, मैथिली और गुजराती में रामकथा (भगवान श्री राम की अयोध्या वापसी के प्रसंग का वर्णन) का पाठ करेंगी। पीएम मोदी श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर रामेश्वरम में प्रधानमंत्री भजन संध्या में भी शामिल होंगे।
धनुषकोडी और अरिचल मुनाई भी जाएंगे पीएम
![](https://sabsetejkhabar.com/wp-content/uploads/2024/01/image_2024_01_19T04_40_25_438Z-1-1024x576.png)
वहीं 21 जनवरी को पीएम मोदी धनुषकोडी के कोठंडारामस्वामी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। यह मंदिर श्री कोठंडाराम स्वामी को समर्पित है। कोठंडाराम नाम का अर्थ धनुषधारी राम है। यह धनुषकोडी नामक स्थान पर स्थित है। ऐसा कहा जाता है कि यहीं पर विभीषण पहली बार श्री राम से मिले थे और उनसे शरण मांगी थी। इसके बारे में ऐसा भी कहा जाता है कि यही वह स्थान है जहां श्री राम ने विभीषण का राज्याभिषेक किया था। पीएम मोदी धनुषकोडी के पास अरिचल मुनाई भी जाएंगे, जिसके बारे में कहा जाता है कि यहीं पर भगवान श्री राम ने सेतु का निर्माण किये थे ।