नालन्दा:- महिला थाने पहुंचे विवाहिता ने पति के खिलाफ की शिकायत, बिहारशरीफ में रहकर मोमोज बेचता है युवक। नालन्दा में एक विवाहिता ने शनिवार की शाम को महिला थाना में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। उसने बताया कि पति ने बदसूरत होने का आरोप लगाकर उसे छोड़ दिया है। उसकी तलाश में वह दिल्ली से बिहारशरीफ पहुंची है। पति बिहारशरीफ में काम कर रहा है !

पटना जिला के मसौढ़ी निवासी नेहा कुमारी ने बताया कि वह मसौढ़ी की रहने वाली है। उसका परिवार दिल्ली में रहता था। हरनौत थाना क्षेत्र निवासी उसका पति सोनू और उसका परिवार भी दिल्ली में रहता है। वर्ष 2013 में उसकी शादी हुई थी। उसके दो बेटे हैं। एक नौ साल का, दूसरा सात साल का। शादी के कुछ साल तक सबकुछ ठीक रहा। उसके बाद पति उसे बदसूरत बताकर प्रताड़ित करने लगा। पिछले तीन महीने से वह दिल्ली से फरार चल रहा है। परिचितों से पता चला कि वह बिहारशरीफ में मोमो बेचता है। इसके बाद वह बिहारशरीफ पहुंची। उसके आने की भनक पाकर पति भाग निकला।

वही विवाहिता ने ससुरालवालों पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह दिल्ली में पेट्रोल पंप पर रहकर काम करती है बच्चों के खातिर वह इतने दिनों से चुप थी। विवाहिता ने आरोप लगाया कि वह अपने ही एक रिश्तेदार से शादी करना चाहता था। जब इस बात की भनक उन लोगों को लगी तो उसकी सास ने जाकर उसके पति के रिश्तेदार को डांट फटकार लगाई। वहीं महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।