कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। उनके चर्चा में रहने की वजह है सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहना। आपको जानकर हैरानी होगी कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन 20 या 30 नहीं बल्कि वह पूरे 38 वर्षों तक प्रधानमंत्री के पद पर बने हुए हैं। इसी साथ उनके नाम दुनिया में सर्वाधिक समय तक किसी देश के प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड है।
हुन सेन के सामने बेटा बनेगा प्रधानमंत्री

हाल ही में हुन सेन की सत्तारूढ़ पार्टी ने रविवार को हुए आम चुनाव में भारी जीत का दावा किया। इसी के साथ ही लंबे समय से कंबोडिया के प्रधानमंत्री पद पर बने हुए हुन सेन ने बुधवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि, ‘वह तीन सप्ताह में प्रधानमंत्री पद छोड़ देंगे और अपने सबसे बड़े बेटे को प्रधानमंत्री पद की कमान सौंपने वाले हैं।’ यानी अब हुन सेन के सामने ही उनका बेटा प्रधानमंत्री बनेगा।
भारी मतों से चुनाव में हासिल की जीत

हुन सेन द्वारा ये घोषणा तब की गई जब कंबोडिया पीपुल्स पार्टी ने सप्ताहांत के चुनावों में भारी मतों से जीत हासिल की। कंबोडिया पीपुल्स पार्टी के प्रवक्ता सोक एयसन ने कहा कि, ‘उनका मानना है कि उनकी पार्टी ने कुल मतदान के 78-80 प्रतिशत मत हासिल किये हैं। सीटों की संख्या के बारे में अभी तक मेरे पास कोई जानकारी नहीं है, लेकिन मैं कह सकता हूं कि सत्तारूढ़ ‘कंबोडियन पीपुल्स पार्टी’ ने भारी जीत हासिल की है।’ बता दें हुन सेन साल 1985 में कंबोडिया के प्रधानमंत्री बने थे। तब से लेकर अब तक वहीं इस पद पर काबिज थे।